चोरी किए बिना धार्मिक यात्रा को पूरा नहीं मानती ये महिलाएं
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में पुलिस ने महिला चोरों का एक ऐसा गिरोह पकड़ा है जो अपनी धार्मिक यात्रा के बाद चोरी जरूर करता
By
Publish Date: Sat, 12 Aug 2017 12:58 PM (IST)
Updated Date: Mon, 14 Aug 2017 08:41 AM (IST)
जयपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में पुलिस ने महिला चोरों का एक ऐसा गिरोह पकड़ा है जो अपनी धार्मिक यात्रा के बाद चोरी जरूर करता है। चोरी किए बिना ये महिलाएं अपनी धार्मिक यात्रा को पूरा नहीं मानती हैं।
सवाई माधोपुर पुलिस ने इन पांच महिलाओं को एक ज्वेलर के यहां 18 लाख रुपए के गहने चुराने के आरेाप में गिरफ्तार किया है। इन पांच में से तीन महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अन्य दो को शुक्रवार को ही गिरफ्तार किया गया।
सवाई माधोपुर में गत दिनों बजरिया स्थित सुधा ज्वेलर्स की दुकान पर 18 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। इन दो महिलाओं की गिरफ्तारी पूर्व में पकड़ी गई तीन महिलाओं की निशानदेही पर की गई है। पुलिस ने उनके पास से बचा हुआ चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार की गई सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के डुंगरज्या इलाके की रहने वाली हैं। मानटाउन थाना अधिकारी के अनुसार, आरोपी महिलाओं ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि वे जब किसी धार्मिक स्थल पर जाती हैं तब वापस आते समय इसी तरह से चोरी करती हैं और जब तक चोरी नहीं करती तब तक अपनी धार्मिक यात्रा को पूरा नही मानती हैं।
इस बार भी उन्होंने चैथ माता के दर्शन कर वापस लौटते समय बजरिया स्थित सुधा ज्वेलर्स की दुकान से 18 लाख रुपए के जेवर चुराए थे। पुलिस को इनसे पूछताछ में अन्य वारदातों के बारे पता चलने की उम्मीद है।